Bagbahara News: बागबाहरा में भालू की दहशत, भानपुर में नगर पालिका से मंदिर और गणेश पंडाल तक पहुंचा
Bagbahara News: नगर पालिका परिसर से निकलकर भानपुर बस्ती में पहुंचा भालू मंगलवार शाम शीतला मंदिर, तुरियानंद आश्रम के शिव मंदिर और गणेश पंडाल में दिखाई दिया। शिव मंदिर में भालू ने दरवाजे का टीन हटाकर अंदर प्रवेश किया और गर्भगृह के ताले को खींचने का प्रयास किया। बाद में गणेश पंडाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे बैठ गया। बुधवार सुबह भी भालू बस्ती में दिखाई दिया और बाद में लोदन नाला की ओर चला गया। लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है।
प्रकाशित: 23 Sep 2026, 06:33 PM· 3 मिनट पढ़ने का समय
बागबाहरा
स्रोत: स्वयं रिपोर्ट
AI द्वारा तैयार ~1 मिनट सारांश
Bagbahara News: नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 भानपुर में मंगलवार सुबह नगर पालिका परिसर में भालू दिखाई देने के बाद उसकी लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत बनी रही। नगर पालिका परिसर से निकलने के बाद भालू उसके पीछे स्थित भानपुर बस्ती में शाम को जा पहुंचा। मंगलवार शाम वह शीतला मंदिर और तुरियानंद आश्रम स्थित शिव मंदिर परिसर में दिखाई दिया। इसके बाद वह गणेश पंडाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे जा बैठा।एक घर के समान को नुकसान पहुंचाया बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे भालू फिर बस्ती के बीच दिखाई दिया और बाद में गांव की दूसरी ओर चला गया।
आश्रम में घुसकर गर्भगृह का ताला खींचा
तुरियानंद आश्रम स्थित शिव मंदिर में भालू ने दरवाजे के नीचे लगे टीन को खींचकर हटाया और अंदर प्रवेश किया। मंदिर के नीचे बने कमरे में रखा तेल का डिब्बा गिराने के बाद वह सीढ़ियों से ऊपर पहुंचा और गर्भगृह के दरवाजे में लगे ताले को खींचकर खोलने का प्रयास किया।
गणेश पंडाल में ट्रॉली के नीचे बैठा
आश्रम से निकलने के बाद भालू पास के गणेश पंडाल में पहुंचा। गणेश प्रतिमा ट्रैक्टर-ट्रॉली में स्थापित थी। ट्रॉली तीन तरफ से बंद और पीछे से खुली होने के कारण भालू उसी रास्ते से अंदर गया और प्रतिमा के नीचे बनी खाली जगह में बैठ गया। जानकारी मिलने पर समिति के सदस्य और आसपास के लोग सुरक्षित दूरी पर खड़े रहे।
बुधवार सुबह फिर दिखा
बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे भालू एक बार फिर भानपुर बस्ती के बीच दिखाई दिया। इसके बाद वह बस्ती की दूसरी ओर चला गया। वहां शीतला मंदिर आसपास कुछ देर दिखाई देने के बाद नगर पालिका कार्यालय के पीछे की ओर से होते हुए लोदन नाला की तरफ चला गया।
इसके बाद बुधवार शाम तक भालू की कोई नई जानकारी सामने नहीं आई। आबादी क्षेत्र में उसकी लगातार आवाजाही को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और भालू को सुरक्षित रूप से आबादी क्षेत्र से दूर करने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आसपास भालुओं की बढ़ती आवाजाही को लेकर रेंजर नवीन कुमार वर्मा ने बताया कि बरसात के दिनों में भोजन की तलाश में भालुओं के आबादी क्षेत्र के आसपास पहुंचने की संभावना रहती है। वन विभाग की टीम भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सुबह और शाम अंधेरा होने के समय खुले क्षेत्रों में जाते समय विशेष सावधानी बरतें। भालू दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और उसके साथ किसी प्रकार की छेड़खानी या उसे उकसाने का प्रयास न करें।
रेंजर ने बताया कि भालू की गतिविधियों से ऐसा प्रतीत होता है कि वह घरों में रखी खाद्य सामग्री की गंध पाकर आबादी क्षेत्र में पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों को घरों में खाद्य सामग्री सुरक्षित रखने और आसपास अनावश्यक रूप से खाने-पीने की चीजें खुले में नहीं छोड़ने पर भी ध्यान देना चाहिए।