CG Murder Case: कवर्धा जिले के बैगापारा पोलमी गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि भांजे फूलसिंह बैगा ने अपने ही चाचा सुकलाल बैगा पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुकलाल का करीब 15 दिनों तक अस्पताल में इलाज चला, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए तेलंगाना चला गया था। कुकदुर पुलिस ने लगातार तलाश के बाद आरोपी को तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
2 दिसंबर 2024 को हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार यह घटना 2 दिसंबर 2024 की है। बैगापारा पोलमी गांव में जमीन से जुड़े विवाद को लेकर आरोपी फूलसिंह बैगा और उसके चाचा सुकलाल बैगा के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाचा के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में सुकलाल बैगा गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
तेलंगाना में छिपा था आरोपी
चाचा की मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी फूलसिंह बैगा फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद कुकदुर पुलिस की टीम को वहां भेजा गया, जहां गुम्माडीडाला थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।मौत के बाद हत्या की धारा जोड़ी गई
घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। घायल सुकलाल बैगा का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन 17 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस जांच में सामने आया कि गंभीर चोटों के कारण ही उनकी मृत्यु हुई है। इसके बाद मामले में हत्या की धारा 103(1) जोड़ दी गई।
कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी फूलसिंह बैगा को कवर्धा लेकर आई। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।एसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि कुकदुर थाना क्षेत्र के बैगापारा गांव में सुकलाल बैगा की हत्या के मामले में आरोपी उसका भतीजा फूलसिंह बैगा था। वारदात के बाद वह फरार हो गया था, जिसे पुलिस टीम ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

