Lucknow murder case: तालकटोरा थाना क्षेत्र में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण गला दबाने और दम घुटने से होना सामने आया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका रागिनी के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे, जिसके बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी।
पति पर लगे गंभीर आरोप
आरोप है कि पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद इसे अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत बताने की कोशिश की। नौ साल पहले हुई थी शादी जानकारी के मुताबिक, उन्नाव निवासी राकेश कुमार की बेटी रागिनी (29) की शादी करीब नौ साल पहले पारा क्षेत्र के जाहिद नगर भपटामऊ निवासी रोहित से हुई थी। दोनों की एक आठ साल की बेटी भी है।
रोहित कृष्णा नगर क्षेत्र स्थित एक सैलून में काम करता है। वह वर्तमान में पत्नी रागिनी के साथ तालकटोरा इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। रागिनी के मायके वालों का आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से रोहित अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। परिजनों का कहना है कि वह किसी अन्य युवक से संबंध होने का आरोप लगाकर रागिनी के साथ अक्सर मारपीट करता था।
चोट के निशानों से खुला राज
मौत की सूचना देने के बाद बढ़ा शक परिजनों के मुताबिक, बीते मंगलवार को रोहित ने रागिनी के मायके वालों को फोन कर बताया कि उसकी अचानक मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने रागिनी के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट व खरोंच के निशान देखे। इसके बाद मायके पक्ष ने मौत पर सवाल उठाते हुए पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। आरोप है कि रोहित अंतिम संस्कार जल्द कराने की कोशिश कर रहा था, जिससे परिजनों का शक और गहरा गया।जांच में आया नया मोड़
मायके वालों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची तालकटोरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में नया मोड़ आया। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने रागिनी की मौत का कारण गला दबाने और दम घुटने को बताया। इसके बाद पुलिस ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
आरोपी पति से पूछताछ
तालकटोरा थाना प्रभारी कुलदीप दुबे ने बताया कि मृतका के पिता राकेश कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी पति रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के पीछे घरेलू विवाद के अलावा कोई अन्य कारण तो नहीं था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

