CG News: महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चावल, दाल और अन्य राशन सामग्री के दाम बढ़ने के साथ पेट्रोल-डीजल भी महंगे हुए हैं। इससे आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। बैज ने यात्री बसों के किराए में बढ़ोतरी पर भी सवाल उठाए।
नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले पटवारियों की हड़ताल को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार से तत्काल बातचीत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण किसानों को जरूरी दस्तावेज और राजस्व संबंधी काम कराने में परेशानी हो सकती है।
कौशल्या माता धाम में भगवान राम की मूर्ति नहीं लगने पर सवाल
कौशल्या माता धाम में भगवान राम की नई मूर्ति स्थापित नहीं किए जाने को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मंदिर निर्माण, चढ़ावे और गौसेवा से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धार्मिक भावनाओं के नाम पर राजनीति कर रही है।
मूर्ति तैयार होने के बावजूद स्थापना में देरी का आरोप
दीपक बैज ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मूर्ति बदलने का निर्णय लिया गया था और उसी दौरान नई मूर्ति तैयार कराई गई थी। इसके बावजूद अब तक मूर्ति स्थापित नहीं किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए। बैज ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि मूर्ति तैयार होने के बाद भी उसे स्थापित क्यों नहीं किया गया।आदिवासी विभाग का नाम बदलने के फैसले का विरोध
आदिवासी विभाग का नाम बदलकर जनजाति विभाग किए जाने के मुद्दे पर भी दीपक बैज ने आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के हितों की अनदेखी कर रही है। बैज ने कहा कि प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री और मंत्री होने के बावजूद इस तरह का फैसला लिया जाना सवाल खड़े करता है।
बढ़े बिजली बिल को तत्काल कम करने की मांग
बिजली की दरों और उपभोक्ताओं को मिल रहे बिलों पर दीपक बैज ने कहा कि एक साल में दो बार बिजली बिल बढ़ाए जाने से लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार कई उपभोक्ताओं के बिल में 600 से 1,000 रुपए तक अतिरिक्त राशि जुड़कर आई है। बैज ने सवाल उठाया कि कोयला और बिजली उत्पादन के अन्य संसाधन राज्य में उपलब्ध होने के बावजूद महंगी दरों पर दूसरे राज्यों से बिजली क्यों खरीदनी पड़ रही है।







