CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बीते पांच दिनों से थमा बारिश का दौर अब खत्म होने की कगार पर है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो रहा है। आज, 18 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने का अनुमान है। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी भी जारी की गई है। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
19 सितंबर से तेज होगी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, शनिवार (19 सितंबर) से राज्य में बारिश का दायरा और रफ्तार दोनों बढ़ेंगे। इसके पीछे मुख्य वजह समुद्र में बन रहा एक नया सिस्टम है। दरअसल, उत्तरी थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती हवाओं का घेरा आज शाम तक उत्तरी अंडमान सागर पहुंचेगा। इसके असर से वहां 19 सितंबर तक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की उम्मीद है।
यह सिस्टम धीरे-धीरे और मजबूत होकर अगले तीन-चार दिनों में दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ेगा, जिससे छत्तीसगढ़ में अच्छी-खासी बारिश देखने को मिल सकती है।
कहां कितनी हुई बारिश?
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चुनिंदा इलाकों में ही हल्की छीटें पड़ीं:
पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा: 20 मिमी
कुनकुरी, रामानुजगंज, रेंगाखार कला और रघुनाथ नगर: 10 मिमी
तापमान का मिजाज
बारिश थमने के कारण राज्य में गर्मी और उमस का असर बढ़ा है। बिलासपुर में पारा 34.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया।

