CG Weightlifting: बागबाहरा क्षेत्र में भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) खेल को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आलोक द्विवेदी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शासन से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद शासकीय सेवा में नियुक्ति प्राप्त करने वाले द्विवेदी नौकरी के दायित्वों के साथ खेल के विकास में भी जुटे हैं। उनके मार्गदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा निखार रहे हैं।
शासकीय सहयोग से उपलब्ध कराई गई खेल सामग्री
क्षेत्र में भारोत्तोलन खेल की संभावनाओं को देखते हुए महासमुंद के पूर्व कलेक्टर की पहल पर खनिज मद तथा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखरी डबरी, बागबाहरा सहित क्षेत्र में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सामग्री प्रदान की गई। इससे ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिल रही है।
फिटनेस सेंटर में नियमित प्रशिक्षण
आलोक द्विवेदी बागबाहरा स्थित द्विवेदी फिटनेस सेंटर में प्रतिदिन ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के खिलाड़ियों को भारोत्तोलन का अभ्यास कराते हैं। उनका उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी तैयार करना ही नहीं, बल्कि युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। उनके प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से महासमुंद जिले के कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिला है। वहीं, अनेक खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शासकीय सेवा के साथ खेल विकास में योगदान

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बागबाहरा के खिलाड़ियों की भागीदारी
बागबाहरा क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों में अभव्या ठाकुर, निहारिका साहू, प्रियांशी और कुणाल पटेल शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने वाली प्रतिभाओं में मनीषा निषाद, अश्वनी चौहान, दामिनी यादव, चंदा ठाकुर, नेहा निषाद, निशा निषाद, देवश्री पटेल, रोशनी दीवान, अंजू साहू, ट्विंकल आवड़े, हेमकुमारी पटेल, दारिनी पनुरिया, राधा पटेल, पायल ध्रुव, धारिणी ध्रुव और उमाशंकर पटेल के नाम शामिल हैं।
वहीं, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में राजनंदनी पटेल और लोक दामिनी दीवान सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास
आलोक द्विवेदी के प्रयासों से बागबाहरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारोत्तोलन के प्रति रुचि बढ़ रही है। प्रशिक्षण, खेल सामग्री और नियमित अभ्यास के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिल रहा है। खेल के क्षेत्र में उनकी यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ ही जिले में भारोत्तोलन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






