Mahasamund News: जिले में नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरायपाली पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया, पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों के कब्जे से नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) की 690 गोलियां बरामद की गई थी, जिसकी कुल कीमत 55,200 रुपए आंकी गई। कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जिसकी कुल कीमत 1 लाख 12 हजार 200 रुपए बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश सिंह राजपूत (20), शेखर बाग (19), विवेकानंद बंछोर (20) और अनुराग दास (19) शामिल है। कार्रवाई के बाद आरोपी दिनेश सिंह के पेट में तेज दर्द और झटका आने की शिकायत पर उसे महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल ले जाएया गया। जहां आरोपी दिनेश निगरानी से फरार हो गया। आरोपी के साथ दो सिपाही तैनात थे। इसके बावजूद वह बुधवार सुबह अस्पताल से भाग निकला। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
69 पत्तों में मिलीं 690 नशीली गोलियां
तलाशी के दौरान पुलिस को एक सफेद प्लास्टिक के झोले में रखी पॉलीथिन से नाइट्राजेपाम टैबलेट्स आईपी नाइट्रोसन 10 एमजी की गोलियां मिलीं। पुलिस के अनुसार, बरामद गोलियां 69 पत्तों में थीं और प्रत्येक पत्ते में 10 गोलियां थीं। इस तरह कुल 690 गोलियां जब्त की गईं। पुलिस ने इन गोलियों की कीमत 55,200 रुपए बताई है। आरोपियों से नशीली दवाएं रखने और बिक्री करने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गोलियों को जब्त कर सीलबंद किया।
मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त
नशीली गोलियों के अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और आईटेल कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपए और मोबाइल फोन की कीमत 7 हजार रुपए है। इस तरह 55,200 रुपए की नशीली गोलियों, 50 हजार रुपए की मोटरसाइकिल और 7 हजार रुपए के मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 12 हजार 200 रुपए का सामान जब्त किया गया है।बलौदा निवासी व्यक्ति से खरीदने की बात कही
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नशीली गोलियां बलौदा निवासी प्रवीण बोबा से खरीदकर लाए थे। पुलिस इस जानकारी के आधार पर गोलियों की खरीद और आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, इस मामले में आपूर्तिकर्ता की भूमिका और नशीली गोलियों की सप्लाई से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सहायक उपनिरीक्षक डामनलाल नागवंशी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैदपाली-झिलमिला क्षेत्र में कुछ लोग भारी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गवाहों को बुलाया और उन्हें मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ शासकीय वाहन से बताए गए स्थान पर पहुंची। कुछ देर इंतजार करने के बाद एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर चार युवक आते दिखाई दिए। मुखबिर से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दिनेश सिंह राजपूत ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में चारों युवकों की तलाशी ली गई।
चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश सिंह राजपूत (20), शेखर बाग (19), विवेकानंद बंछोर (20) और अनुराग दास (19) के रूप में की है। सभी महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में नशीली गोलियों के स्रोत, खरीद और कथित आपूर्ति से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।







