अफगानिस्तान वनडे टीम में बदलाव : 55 मैचों में संभाली कमान, हशमतुल्लाह शाहिदी ने छोड़ी अफगान टीम की कप्तानी
हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। 2022 में कप्तान बने शाहिदी ने 55 वनडे मैचों में टीम की अगुवाई की, जिसमें अफगानिस्तान को 27 जीत मिलीं। उनकी कप्तानी में टीम ने 2023 वनडे विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया। अब 2027 वनडे विश्व कप से पहले अफगानिस्तान नए कप्तान की तलाश करेगा।
कीर्तिमान डेस्क
22 Jul 2026, 11:11 AM
नई दिल्ली
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। टीम के अनुभवी बल्लेबाज हशमतुल्लाह शाहिदी ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। शाहिदी को साल 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कमान सौंपी गई थी।
उनकी अगुवाई में टीम ने कई यादगार मुकाबले खेले और अब 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के बीच उन्होंने कप्तानी से हटने का निर्णय लिया है। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने आखिरी वनडे सीरीज भारत के खिलाफ खेली थी। इस तीन मैचों की सीरीज में अफगान टीम को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अब टीम नए कप्तान की तलाश करेगी।
ऐसा रहा शाहिदी का कप्तानी रिकॉर्ड
31 वर्षीय हशमतुल्लाह शाहिदी ने बतौर कप्तान अफगानिस्तान को 2023 एशिया कप, वनडे विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में अफगानिस्तान ने कुल 55 वनडे मुकाबले खेले, जिसमें टीम को 27 मैचों में जीत मिली। 2023 वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान का प्रदर्शन शानदार रहा था। टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमों को हराकर क्रिकेट जगत को प्रभावित किया था। उस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल की दौड़ में भी मजबूती से बनी हुई थी।
शाहिदी वनडे कप्तानी से हटेभारत के खिलाफ लगाया था पहला वनडे शतक
हशमतुल्लाह शाहिदी ने भारत के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली थी। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक था। साल 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले शाहिदी ने अब तक 96 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने करीब 33 की औसत से 2607 रन बनाए हैं। वह अफगानिस्तान के भरोसेमंद मध्यक्रम बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने कई द्विपक्षीय वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया।
चैंपियंस ट्रॉफी में भी दिखाया दम
टीम ने बांग्लादेश को तीन बार और जिम्बाब्वे को दो बार वनडे सीरीज में मात दी। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ भी अफगानिस्तान ने सीरीज जीत दर्ज की। 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भी अफगानिस्तान ने इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को हराकर अपनी क्षमता दिखाई थी।
हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे अफगानिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा। अब 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को टीम के लिए नए कप्तान का चयन करना होगा। शाहिदी के नेतृत्व में टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसके बाद नए कप्तान के सामने इस सफलता को आगे बढ़ाने की बड़ी चुनौती होगी।