BAN vs WI: खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में तौहीद हृदय ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। मुश्किल परिस्थितियों में टीम की पारी संभालते हुए उन्होंने नाबाद 242 रन की यादगार पारी खेली। इसके साथ ही हृदय बांग्लादेश की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए।
हृदय की इस पारी की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि एक समय बांग्लादेश की टीम 184 रन पर सात विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गई थी। लगातार विकेट गिरने के बावजूद हृदय ने एक छोर संभाले रखा और कैरेबियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया। उनकी इस पारी के सामने वेस्टइंडीज के गेंदबाज बेअसर नजर आए।
मुश्फिकुर रहीम का रिकॉर्ड तोड़ा
तौहीद हृदय ने 359 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 242 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। रहीम ने साल 2018 में मीरपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 219 रन बनाए थे। हृदय ने अपनी पारी के दौरान आखिरी दो विकेट के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उनकी इस पारी ने न सिर्फ बांग्लादेश को संकट से उबारा, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में देश के लिए नया कीर्तिमान भी स्थापित किया।
बांग्लादेश के लिए टेस्ट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियां
- तौहीद हृदय – 242* बनाम वेस्टइंडीज, 2026, सिलहट
- मुश्फिकुर रहीम – 219* बनाम जिम्बाब्वे, 2018, मीरपुर
- शाकिब अल हसन – 217* बनाम न्यूजीलैंड, 2017, वेलिंगटन
- तमीम इकबाल – 206 बनाम पाकिस्तान, 2015, खुल्ना
बांग्लादेश ने हासिल की 30 रन की बढ़त
मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 356 रन बनाए थे। इसके जवाब में बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम लगातार विकेट गंवाती रही। हालांकि, तौहीद हृदय की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी के दम पर मेजबान टीम ने पहली पारी में 386 रन बना लिए। इस तरह बांग्लादेश को पहली पारी के आधार पर 30 रन की बढ़त मिली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए सात रन बना लिए थे। ब्रैंडन किंग पांच और जोशुआ डा सिल्वा दो रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। फिलहाल वेस्टइंडीज की टीम बांग्लादेश से 23 रन पीछे है। हृदय की ऐतिहासिक पारी के बाद अब मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।












