Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026: शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अहम बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इसके तहत विभिन्न विषयों के शिक्षक पदों के लिए पात्र दिव्यांगता की श्रेणियों का दायरा बढ़ाया गया है। इससे पहले निर्धारित श्रेणियों में शामिल नहीं हो पाने वाले पात्र अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिल सकेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, यह संशोधन याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026, मीनाक्षी मंगलेकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य में हाईकोर्ट द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए निर्णय के अनुपालन में किया गया है। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत ई-संवर्ग और टी-संवर्ग के शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए 7 अगस्त 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था।
इन विषयों में दिव्यांगता की श्रेणियों का विस्तार
समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के अनुसार, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए पूर्ण दृष्टिबाधिता (Blind) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) को उपयुक्त दिव्यांगता श्रेणियों में शामिल किया गया है। वहीं, गणित विषय के शिक्षक पदों के लिए सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित दिव्यांगता को शामिल किया गया है। कृषि विषय के शिक्षक पदों के लिए सेरेब्रल पाल्सी को उपयुक्त श्रेणी में जगह दी गई है।इसके अलावा, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वर्गीकरण दृष्टिबाधिता (VI), श्रवण बाधिता (HI), अस्थिबाधिता (OI) और बहुदिव्यांगता (MD) की श्रेणियों के अनुसार किया गया है।
ई-संवर्ग में 868 और टी-संवर्ग में 786 पद
संशोधित विज्ञापन के अनुसार, शिक्षक भर्ती के तहत कुल 1,654 पद निर्धारित हैं। इनमें ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पद शामिल हैं।
ई-संवर्ग के विषयवार पद:
- हिंदी: 109 पद
- संस्कृत: 150 पद
- अंग्रेजी: 319 पद
- गणित: 135 पद
- सामाजिक विज्ञान: 150 पद
- कृषि: 5 पद
टी-संवर्ग के विषयवार पद:
- हिंदी: 141 पद
- संस्कृत: 150 पद
- अंग्रेजी: 185 पद
- गणित: 115 पद
- सामाजिक विज्ञान: 100 पद
- कृषि: 95 पद
आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित
संशोधन के दायरे में आने वाले नए पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।
भर्ती के मूल विज्ञापन की अन्य शर्तें और प्रावधान पहले की तरह लागू रहेंगे। अभ्यर्थी संशोधन से संबंधित जानकारी के लिए व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जारी सूचनाएं देख सकते हैं।







