Women Loan Scheme: छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है, सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड की ग्राम पंचायत समोली की तीन महिलाओं को योजना के तहत 40-40 हजार रुपए की ऋण सहायता मिली है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली ये महिलाएं अब अपने व्यवसाय शुरू कर आजीविका के नए साधन विकसित करेंगी।
सक्षम योजना से सुमन खोलेंगी किराना दुकान
कलेक्टर रेना जमील ने महिलाओं को ऋण सहायता के चेक प्रदान किए, उन्होंने उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया, इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल उपस्थित रहे।
योजना से लाभान्वित सुमन, पति करण, किराना दुकान का संचालन करेंगी। बाबी, पति गुलाब चंद, बांस से बनी सामग्री का निर्माण और खरीद-बिक्री करेंगी। वहीं राखी, पति अजेश्वर, सूपा, डलिया सहित बांस से निर्मित विभिन्न सामग्री बनाकर उसका विक्रय करेंगी।
मजदूरी से स्वरोजगार तक का सफर
तीनों महिलाएं अब तक मजदूरी के जरिए अपने परिवार की जरूरतें पूरी करती थीं। सक्षम योजना से मिली ऋण सहायता उनके लिए व्यवसाय शुरू करने और आय का नया स्रोत बनाने का अवसर लेकर आई है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ उन्हें अपनी हुनर और मेहनत के दम पर नई पहचान बनाने में भी मदद मिलेगी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आत्मनिर्भर बनाने की पहल
छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में संचालित की जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।






