प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बरेकेल के उपार्जन केंद्र डिघेपुर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 78 हजार 250 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को ठाकुरदियाखुर्द निवासी लोचन पटेल पिता सुखदेव पटेल (46)ने थाना पिथौरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बरेकेल के उपार्जन केंद्र डिघेपुर का ताला तोडक़र अज्ञात चोरों ने समिति के कमरे में रखे सामान की चोरी कर ली है।
चोरी के सामान के साथ आरोपी गिरफ्तार
चोरी गए सामान में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, इलेक्ट्रॉनिक तार, कैमरा केबल, सीसी कैमरा, धान तौलने के बाट सहित अन्य सामग्री शामिल थी। प्रार्थी ने चोरी की घटना में पिथौरा निवासी मोहित नागर और शोभु देवार पर संदेह जताते हुए बताया था कि दोनों को बाइक सीजी 04 एचपी 5860 में चोरी का सामान ले जाते हुए देखा गया था। पुलिस ने अपराध दर्ज कर बीएनएस की धारा 331(3), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
ठिकानों में घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों के ठिकानों पर दबिश देकर घेराबंदी की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सोसायटी में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों मोहित नागर पिता ईमान नागर (19) निवासी सुभाष नगर महासमुंद और शोभु देवार पिता बलराम देवार (19) निवासी रानीसागरपारा पिथौरा को न्यायालय में पेश किया।