रायपुर में सिटी बस की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए महासमुंद के 26 वर्षीय बैंककर्मी यशवंत झुलपे की सोमवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से वे लगातार 14 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे। पहले उनका इलाज नारायणा अस्पताल में चला, लेकिन हालत बिगड़ने पर डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां 21 जुलाई की शाम करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, यशवंत रायपुर स्थित एक बैंक में कार्यरत थे। 7 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे वे ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक सिटी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
फरार होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बस चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद यशवंत को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला। हालत में सुधार नहीं होने पर 20 जुलाई को उन्हें डीकेएस अस्पताल शिफ्ट किया गया। उपचार के दौरान सोमवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
यशवंत झुलपे महासमुंद के सुभाष नगर, वार्ड क्रमांक-21 निवासी संतोष झुलपे के पुत्र थे। उनके बड़े पिता छन्नूलाल झुलपे महासमुंद में डिप्टी कलेक्टर के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, उनके चाचा सितोष कुमार झुलपे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में शिक्षक हैं। यशवंत के निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
सुबह निकलेगी अंतिम यात्रा
यशवंत झुलपे की अंतिम यात्रा 22 जुलाई को सुबह 11 बजे उनके निवास सुभाष नगर, वार्ड क्रमांक-21, महासमुंद से निकाली जाएगी। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों ने सभी शुभचिंतकों से अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोकाकुल परिवार को संबल देने की अपील की है।