Surajpur Crime News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलटिकरी में एक युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय बसंत सिंह ने अपने 50 वर्षीय पिता रामकुमार सिंह गोंड़ पर टांगी से हमला कर उनकी जान ले ली।
घटना के पीछे घर में हुए विवाद को वजह बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, तीजा पर्व के चलते बहन ने खाना नहीं बनाया था, जिसको लेकर पिता ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारने की धमकी दी। इसी बात से नाराज होकर बेटे और पिता के बीच विवाद बढ़ गया।
बहन की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। बसंत सिंह मजदूरी कर सूरजपुर से वापस घर लौटा था। घर पहुंचने पर जब उसे बहन दिखाई नहीं दी तो उसने पिता से उसके बारे में पूछा। पिता ने बताया कि वह पड़ोस में गई है। इसके बाद बसंत अपनी बहन के पास पहुंचा, जहां उसने पूरी बात बताई। बहन ने बताया कि तीजा पर्व होने के कारण उसने खाना नहीं बनाया था, इसी बात पर पिता नाराज होकर उसे अपशब्द कह रहे थे और मारने की धमकी दे रहे थे। डर के कारण वह पड़ोसी के घर चली गई थी।गुस्से में पिता पर कर दिया हमला
बहन की बात सुनने के बाद बसंत वापस घर पहुंचा और पिता से इस मामले को लेकर बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने टांगी से पिता पर कई वार कर दिए। हमले में रामकुमार सिंह गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी बेटे ने घटना से अनजान होने का दिखावा करते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी बसंत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
