Rajnandgaon Crime News: नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
मामले की शुरुआत 16 अगस्त 2026 को हुई, जब नाबालिग के परिजनों ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी 14 अगस्त की शाम करीब 5 बजे से बिना बताए घर से गायब है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि कोई व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 438/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बरामद कर आरोपी तक पहुंच बनाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच करते हुए 17 अगस्त 2026 को नाबालिग को बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गौरी नगर, ओपी चिखली निवासी मनोज बड़ोले (27), पिता भीमराव बड़ोले, उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 64(2)(N), 65(2), 351(3), 3(5) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(ड) व 6 जोड़ी। आरोपी को गिरफ्तार कर 18 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, सउनि नंदनी ठाकुर सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

