Police Arrest: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को ACB की टीम ने 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि प्रधान आरक्षक ने एक व्यक्ति से रुपए के लेनदेन से जुड़े मामले में पांच लाख रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पूरे मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
पांच लाख रुपये मांगने का लगाया गया था आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रुपये के लेनदेन से जुड़े एक मामले में प्रधान आरक्षक ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में ACB को जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ACB की टीम ने पहले आरोपों की जांच की और शिकायत का सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद अधिकारियों ने आरोपी प्रधान आरक्षक को पकड़ने की योजना तैयार की।
20 हजार रुपये लेते ही ACB ने दबोचा
बुधवार को ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इसके तहत शिकायतकर्ता गौरव अग्रवाल को 20 हजार रुपए दिए गए और उन्हें बसंतपुर थाना भेजा गया। टीम के सदस्य पहले से ही निर्धारित योजना के अनुसार आसपास तैनात थे और पूरी गतिविधि पर नजर रख रहे थे। जैसे ही गौरव अग्रवाल ने प्रधान आरक्षक किशोर यादव को 20 हजार रुपये सौंपे, ACB की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और उन्हें रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई।ACB कर रही आगे की कार्रवाई
रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक के पकड़े जाने के बाद ACB की टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की अहम कार्रवाई माना जा रहा है।






