Rajnandgaon News: छुरिया क्षेत्र में एक निजी अस्पताल संचालक के खिलाफ नर्स ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नर्स का आरोप है कि अस्पताल संचालक ने शादी का वादा कर करीब चार साल तक उसका शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छुरिया स्थित श्री रामकृष्ण हॉस्पिटल में कार्यरत एक नर्स ने अस्पताल के डायरेक्टर पर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी करने का भरोसा देकर लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए रखे।
शादी से इनकार करने का आरोप
नर्स ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसने अस्पताल संचालक से शादी करने की बात कही तो उसने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। छुरिया थाना प्रभारी अनुराग सोनवानी के अनुसार, नर्स की शिकायत के आधार पर अस्पताल संचालक मिथिलेश साहू, पिता प्रहलाद साहू, निवासी सीताबर्डी थाना छुरिया के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।FIR के बाद आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी अस्पताल संचालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
