ग्राम पंचायत चिनिया की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। पहले जहां हितग्राही अशोक यादव ने एक माह का राशन नहीं मिलने की शिकायत की थी, वहीं अब राशन दुकान संचालक ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
राशन वितरण के दौरान विवाद का दावा
राशन दुकान संचालक के अनुसार, 22 जुलाई को जुलाई महीने का राशन बांटा जा रहा था। इसी दौरान अशोक यादव ने अपने निर्धारित 35 किलो चावल लेने के बाद अतिरिक्त 35 किलो चावल की मांग की। संचालक का आरोप है कि मना करने पर भी वह अतिरिक्त चावल लेकर चला गया।
अप्रैल में भी अतिरिक्त चावल लेने का आरोप
संचालक ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि अप्रैल 2026 में भी अशोक यादव द्वारा 10 किलो अतिरिक्त चावल ले जाने की बात सामने आई थी। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
खाद्य विभाग व तहसील को भेजी शिकायत
राशन दुकान संचालक ने अपनी शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज को सौंपी है। इसके साथ ही खाद्य अधिकारी और तहसीलदार को भी इसकी जानकारी दी गई है।
दोनों पक्षों के दावों की होगी जांच
इस मामले में अब दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। अशोक यादव ने राशन नहीं मिलने की बात कही है, जबकि दुकान संचालक ने अतिरिक्त चावल ले जाने का आरोप लगाया है। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तविक स्थिति क्या है।