Damoh Murder Case: मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, कबीरपुरा निवासी द्वारका पटेल पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी खेमा बाई और तीन बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में उसकी 7 वर्षीय बेटी और 4 साल व 1 साल के दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि द्वारका पटेल और उसकी पत्नी खेमा बाई के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब का आदी था और पत्नी पर शक करता था।
इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब एक साल पहले खेमा बाई ने पति के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
समझौते के बाद भी नहीं थमा विवाद
हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और वे दोबारा साथ रहने लगे थे। लेकिन इसके बाद भी घरेलू विवाद खत्म नहीं हुआ। मायके वालों ने भी की थी समझाने की कोशिश घटना से पहले कल भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर महिला के मायके वाले गांव पहुंचे थे और दोनों को समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद वे शाम को वापस लौट गए।
बताया जा रहा है कि रात में भी दोनों के बीच कहासुनी जारी रही। बाद में खेमा बाई अपने बच्चों के साथ सो गई। इसी दौरान देर रात आरोपी ने कुल्हाड़ी उठाई और वारदात को अंजाम दिया।
सुबह घर का नजारा देख सहम गए ग्रामीण
ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जब लोग उठे तो घर के हालात देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर महिला और तीनों बच्चे खून से लथपथ हालत में मिले। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मगरोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुल्हाड़ी के साथ घर के बाहर मिला आरोपी
वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारका पटेल घर के बाहर कुल्हाड़ी लेकर बैठा मिला, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई
पुलिस ने चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। मृतकों में मां खेमा बाई और उसके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी भयावह घटना से गांव में हर कोई स्तब्ध है।

