Deadline Meeting: कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रही शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने और जनहित से जुड़े मामलों के निराकरण में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ और जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम से जुड़कर शिक्षार्थियों को शिक्षा देने और जिम्मेदारी के साथ योगदान करने की शपथ भी दिलाई।
बारिश से खराब सड़कों की जल्द होगी मरम्मत
कलेक्टर ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त और मरम्मत योग्य सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को चिन्हांकित सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आवागमन और सड़क सुरक्षा को देखते हुए मरम्मत कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। खराब सड़कों की नियमित निगरानी और जरूरत के अनुसार मरम्मत कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा
बच्चों के आधार और विद्यार्थियों की अपार आईडी पर विशेष जोर
बैठक में बच्चों के आधार कार्ड पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन बच्चों का आधार कार्ड में आवश्यक अपडेट या एमबीयू संबंधी कार्य लंबित है, उनका चिन्हांकन कर जल्द प्रक्रिया पूरी कराई जाए। शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर 30 सितंबर तक लक्ष्य पूरा करने को कहा गया है। स्कूल स्तर पर ऐसे विद्यार्थियों की जानकारी जुटाकर जरूरी दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों की APAAR ID शत-प्रतिशत बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। सभी संकुल समन्वयकों को इसकी जिम्मेदारी सुनिश्चित करने और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने तथा नियमित रूप से नेवता भोज आयोजित करने पर भी जोर दिया।
एग्रीस्टेक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश
किसानों से संबंधित एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विशेष प्रकरण वाली संस्थाओं के पंजीयन में तेजी लाने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को किसानों से संपर्क कर जरूरी जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीयन प्रक्रिया के दौरान किसी संस्था या किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रत्येक गांव में सर्वे की स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा। जिन क्षेत्रों में सर्वे का काम अभी बाकी है, वहां विशेष टीम लगाकर तय समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सर्वे के दौरान संबंधित प्लॉट और जरूरी अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने पर जोर दिया। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लॉट का अप्रूवल जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।ग्रामीण रोजगार कार्यों की प्रगति पर नजर
बैठक में वीबीजी-रामजी ग्रामीण रोजगार से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की स्थिति, काम शुरू होने और लक्ष्य के मुकाबले प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्य समय पर शुरू कराने और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
आवारा पशुओं पर कार्रवाई और स्वच्छता पर जोर
आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कलेक्टर ने नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और पशु मालिकों को जागरूक करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि समझाइश के बावजूद जानबूझकर मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और अर्थदंड भी लगाया जाए। सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण दुर्घटना की स्थिति न बने, इसके लिए पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर रखने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने प्रतिदिन कचरा उठाव और निपटान सुनिश्चित करने को कहा। सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।जन शिकायतों और न्यायालयीन मामलों की भी समीक्षा
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और जन शिकायतों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों से कहा कि समय-सीमा की बैठकों में दिए गए निर्देशों पर गंभीरता से अमल किया जाए और प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा हो। उन्होंने प्रशासनिक कामकाज में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने के साथ जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
