Dhamtari News: धमतरी जिले के माडमसिल्ली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां स्टॉप डैम में डूबने से मामा-भांजे की मौत हो गई। हादसे के बाद गेदरापारा गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद शव बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना माडमसिल्ली के आश्रित ग्राम गेदरापारा की है। कांकेर निवासी लोकेश मंडावी अपने रिश्तेदार के यहां गेदरापारा आए हुए थे। इसी दौरान वह अपने भांजे देवकरण के साथ गांव के पास स्थित स्टॉप डैम में मछली पकड़ने के लिए गए थे।
भांजे को बचाने पानी में कूदे मामा
बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने के दौरान अचानक देवकरण का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। भांजे को डूबता देख लोकेश मंडावी ने उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण लोकेश भी खुद को संभाल नहीं पाए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई।
रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाले शव
घटना की सूचना मिलते ही गंगरेल स्थित ब्लू एडवेंचर की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्टॉप डैम में अभियान चलाकर दोनों की तलाश शुरू की। कई घंटों की मेहनत के बाद रेस्क्यू टीम ने मामा-भांजे के शव पानी से बाहर निकाले। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।हादसे के बाद गांव में छाया मातम
एक ही घटना में मामा-भांजे की मौत की खबर से गेदरापारा गांव में मातम छा गया है। मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस स्टॉप डैम में हादसा हुआ, वहां कुछ समय तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा।
पुलिस जुटा रही हादसे की वजह की जानकारी
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

