रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों सहित चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों के पास से चोरी की रकम भी बरामद कर ली है। किशोर न्याय बोर्ड में पेशी के बाद दोनों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के मुताबिक बोईरदादर निवासी 67 वर्षीय रतन मित्रा ने अपने आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चक्रधर नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई की रात मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले से 4 हजार रुपये नकद चुरा लिए। बाद में चारों ने चोरी की रकम बराबर-बराबर बांट ली थी।
चोरी के बाद घूमने निकले, रास्ते में हुआ हादसा
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद तीन आरोपी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जामगांव की ओर घूमने निकल गए। तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के दौरान उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें दो आरोपी फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि हिरासत में लिया गया एक नाबालिग मामूली रूप से घायल हुआ था।
नकदी बरामद, बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए नाबालिग
पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों के पास से चोरी के हिस्से के एक-एक हजार रुपये बरामद किए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों के खिलाफ भी आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।