ग्राम भलेसर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां अज्ञात लोगों ने पहले मुख्य बिजली लाइन से अवैध कनेक्शन (कटिया) जोड़कर बिजली चोरी की और फिर उसी बिजली से कटर मशीन चलाकर किसान की निजी जमीन पर लगे कई हरे-भरे पेड़ों को काट डाला। घटना के बाद आरोपी लकड़ियां लेकर मौके से फरार हो गए। इस वारदात ने ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम भलेसर निवासी अभिषेक वैष्णव की निजी भूमि पर वर्षों से लगे पेड़ों को अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने बिजली के खंभे से सीधे अवैध कनेक्शन लेकर कटर मशीन चलाई और कुछ ही समय में कई कीमती पेड़ों को काट दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लकड़ी समेटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया
पीड़ित अभिषेक वैष्णव ने बताया कि इन पेड़ों को उन्होंने वर्षों की मेहनत और देखभाल से तैयार किया था। पेड़ों की कटाई से उन्हें आर्थिक नुकसान तो हुआ ही, साथ ही बिजली चोरी कर इस तरह की वारदात को अंजाम देना बेहद खतरनाक भी था। उनका कहना है कि बिजली के खंभे से सीधे कनेक्शन लेकर मशीन चलाना किसी बड़े हादसे को भी जन्म दे सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

खुले आम पेड़ो की कटाई
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम बिजली चोरी कर मशीनें चलाना और पेड़ों की कटाई जैसी घटनाएं क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उनका आरोप है कि यदि नियमित निगरानी और गश्त होती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बिजली चोरी के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
सख्त कारवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मौके की जांच कर आरोपियों की जल्द पहचान करने और बिजली विभाग से अवैध बिजली चोरी के मामलों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में अन्य किसानों को भी इसी तरह की घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है।