DPL 2026 : यश धुल का तूफानी शतक, मनी ग्रेवाल की घातक गेंदबाजी से किंग्स ने मारी बाजी
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली 6 को 9 विकेट से हरा दिया। कप्तान यश धुल ने 47 गेंदों में नाबाद शतक जड़ा, जबकि मनी ग्रेवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
कीर्तिमान डेस्क
06 Aug 2026, 02:15 PM
नई दिल्ली
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरानी दिल्ली 6 को 9 विकेट से हरा दिया। बारिश के कारण खेले गए 15-15 ओवर के इस मुकाबले में कप्तान यश धुल के तूफानी नाबाद शतक और मनी ग्रेवाल की शानदार गेंदबाजी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने शुरुआती ओवरों में ही बल्लेबाजों को परेशान किया और 9वें ओवर तक विपक्षी टीम का स्कोर 55 रन पर 5 विकेट कर दिया।
यश धुल बल्लेबाजी करते हुएराठी और अश्विनी ने संभाली पारी
मुश्किल स्थिति में रोहन राठी और अश्विनी चिल्लर ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 85 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रोहन राठी ने 21 गेंदों में 46 रन की तेज पारी खेली, जबकि अश्विनी चिल्लर ने 29 गेंदों में 38 रन बनाए। इन दोनों की साझेदारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट खोकर 140 रन का स्कोर खड़ा किया। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से मनी ग्रेवाल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं गावनिश खुराना ने भी 2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
यश धुल ने 47 गेंदों में ठोका शतक
141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। कप्तान यश धुल ने जिम्मेदारी संभालते हुए पुरानी दिल्ली 6 के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। यश धुल ने महज 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे।
उनकी शानदार पारी की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने सिर्फ एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने डीपीएल 2026 में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी है। कप्तान यश धुल की बल्लेबाजी और मनी ग्रेवाल की घातक गेंदबाजी टीम के लिए जीत का सबसे बड़ा कारण बनी।