टी20 क्रिकेट में आमतौर पर बड़े स्कोर और बल्लेबाजों की तूफानी पारियां सुर्खियां बटोरती हैं, लेकिन ग्लोबल सुपर लीग के फाइनल में गेंदबाजों ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने पूरे मुकाबले को यादगार बना दिया। गयाना अमेजन वॉरियर्स और सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्नस के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें मिलकर भी 100 रन का आंकड़ा नहीं छू सकीं।
गयाना अमेजन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 85 रन बनाए, लेकिन उसके गेंदबाजों ने इस छोटे से लक्ष्य को भी सैन फ्रांसिस्को के लिए मुश्किल बना दिया। जवाब में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्नस की पूरी टीम 79 रन पर ढेर हो गई और गयाना ने 6 रन से मुकाबला जीतकर ग्लोबल सुपर लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
29 रन पर 8 विकेट गंवाने के बाद संभली गयाना
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गयाना अमेजन वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के प्रमुख बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (8 रन), शिमरॉन हेटमायर (4 रन) और रोवमैन पॉवेल (2 रन) जल्दी पवेलियन लौट गए। गयाना की हालत इतनी खराब हो गई थी कि टीम ने सिर्फ 29 रन के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम बेहद कम स्कोर पर सिमट जाएगी, लेकिन इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी संभाली। मैथ्यू फोर्डे ने मुश्किल समय में 28 रन की अहम पारी खेली। वहीं ड्वेन प्रीटोरियस ने नाबाद 17 रन और कप्तान इमरान ताहिर ने 11 रन बनाकर टीम को किसी तरह 85 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।पीक ने 31 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश
86 रन के आसान नजर आ रहे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्नस की टीम को शुरुआत से ही गयाना के गेंदबाजों ने दबाव में रखा। बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं लगा सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। ओलिवर पीक ने 31 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, जबकि पीटर सिडल ने नाबाद 13 रन बनाए। लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। पूरी टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 79 रन पर ऑलआउट हो गई। गयाना की ओर से ड्वेन प्रीटोरियस और मोहम्मद नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। वहीं कप्तान इमरान ताहिर ने 2 महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।