सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसी बीच पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की चल और अचल संपत्ति की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके अलावा ग्राम भफौली में आरोपी द्वारा कथित रूप से किए गए अतिक्रमण की भूमि के सत्यापन के लिए राजस्व विभाग को पत्र भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
घटना के बाद से फरार है आरोपी
पुलिस के मुताबिक ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल पर नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म का आरोप है। घटना सामने आने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने आरोपी की तलाश में अभियान तेज कर दिया है। पुलिस टीम तकनीकी जांच के साथ-साथ मुखबिरों से भी जानकारी जुटा रही है। सरगुजा के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। टीम जिले के अलावा अन्य संभावित स्थानों पर भी निगरानी रख रही है और लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार इनाम की घोषणा
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी तरुण जायसवाल के नाम पर 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक दर्ज है। गंभीर आपराधिक मामले में फरार होने और जांच प्रक्रिया को प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की। शनिवार को पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, जहां उसके परिजनों ने बंदूक और लाइसेंस पुलिस के सामने जमा किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत जब्त कर लिया।आरोपी को छिपाने, शरण देने वाले पर भी होगी कारवाई
पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्ति का विवरण राजस्व विभाग से मांगा है। साथ ही ग्राम भफौली में अतिक्रमित जमीन का मौके पर सत्यापन कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को छिपाने, शरण देने या गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की विशेष टीम आरोपी के रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित संपर्कों पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।