Crime News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला। घटनास्थल पर कमरे में खून के निशान और बिखरा हुआ सामान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
लखनपुर थाना क्षेत्र का है मामला
मामला लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरी कला गांव के टिकरापारा का है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अंगत चौधरी, पिता घूर साय के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और गांव में ही रहता था। बताया गया है कि अंगत घर में अकेले रहता था। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अंगत का शव उसके घर के आंगन में पड़ा मिला। शव खून से सना हुआ था। वहीं, घर के कमरे में भी खून के छींटे दिखाई दिए और सामान बिखरा हुआ था। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अंगत की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।






