Raipur Theft: जिस बेटे को खोया, उसकी याद और सरकार से मिली मदद के 4 लाख भी नहीं छोड़े चोरों ने
Raipur Theft: रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान से करीब 7.50 लाख रुपये के नकदी और जेवरात चुरा लिए। चोरी हुई रकम में बेटे की मौत के बाद शासन से मिली 4 लाख रुपये की सहायता राशि भी शामिल है।
Raipur Theft: इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना राजधानी रायपुर से सामने आई है। यहाँ चोरों ने एक ऐसे परिवार को अपना निशाना बनाया, जो पहले ही अपने जवान बेटे को खोने का गम झेल रहा है। चोरों ने घर का
ताला तोड़कर न सिर्फ सोने-चांदी के जेवरात और नकदी उड़ाई, बल्कि उस रकम पर भी हाथ साफ कर दिया जो परिवार को बेटे की आकस्मिक मौत के बाद शासन से सहायता के रूप में मिली थी। इस बेरहम चोरी के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है और पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है।
सूने मकान का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
घटना खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर (शुक्रवारी बाजार) की है। यहाँ रहने वाले हुब्ब लाल गुप्ता का मकान और नीचे 'केशरवानी इलेक्ट्रानिक' के नाम से दुकान है, जहाँ वे कूलर, अलमारी और अन्य इलेक्ट्रानिक सामान का कारोबार करते हैं। पीड़ित परिवार नवरात्रि के पावन अवसर पर 19 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे अपने मूल गाँव—खटखरी (थाना शाहपुर, जिला मऊगंज, मध्य प्रदेश)—गया हुआ था। घर पर ताला लगा हुआ था। जब परिवार करीब 14 दिनों बाद वापस लौटा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के मुख्य द्वार का
ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था।
बेटे के गम के साथ उजड़ी गृहस्थी की जमापूंजी
पीड़ित हुब्ब लाल गुप्ता ने पुलिस को रोते हुए बताया कि करीब तीन साल पहले उनके जवान बेटे की कारा डैम में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी। उस अपूरणीय क्षति के बाद शासन की ओर से परिवार को सांत्वना और आर्थिक संबल के रूप में चार लाख रुपये की सहायता राशि मिली थी। परिवार ने उस पैसे को घर में ही संभाल कर रखा था, ताकि जरूरत के वक्त काम आ सके। इसके अलावा, उनके व्यवसाय से जुड़े करीब एक लाख रुपये नकद भी अलमारी में रखे हुए थे। चोरों ने इन रुपयों के साथ-साथ घर के तमाम कीमती जेवरात भी समेट लिए।
करीब 7.50 लाख रुपये का माल पार
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से लगभग सात से आठ तोला सोना और करीब दो किलो चांदी के जेवरात चुरा ले गए।
सोने के आभूषण: मंगलसूत्र, मनचली, हार, झुमकी और अंगूठी।
चांदी के आभूषण: करधन, अधकरधनी, पायल, छागल, बिछिया और बच्चों के पारंपरिक जेवर।
चोरी गए कुल सामान और नकदी की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुँची और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। इस अमानवीय घटना के बाद से इलाके के रहवासियों में भी भारी आक्रोश और डर का माहौल है।