Raipur Road Accident: सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक 28 वर्षीय युवक और बुजुर्ग महिला की जान चली गई। पहली घटना जोरा मॉल के सामने रिंग रोड ओवरब्रिज पर हुई, जहां अंधेरे में बिना संकेतक लाइट के खड़ी पिकअप से इलेक्ट्रिक स्कूटी टकरा गई। वहीं, दूसरी घटना खमतराई थाना क्षेत्र के रांवाभाठा में हुई, जहां तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक की चपेट में आने से मंदिर दर्शन के लिए जा रही बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जोरा मॉल के सामने खड़ी पिकअप से टकराई स्कूटी
पहला हादसा एक नवंबर की रात करीब तीन बजे हुआ। मंदिरहसौद क्षेत्र के डिघारी निवासी 28 वर्षीय सौरभ साहू एक इवेंट का काम खत्म करने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह जोरा मॉल के सामने रिंग रोड ओवरब्रिज पर पहुंचे, तो सड़क पर अंधेरे में खड़ी पिकअप से उनकी स्कूटी पीछे से टकरा गई।
बताया गया कि पिकअप सड़क पर खड़ी थी, लेकिन उसके संकेतक लाइट चालू नहीं थे। न ही वाहन के पीछे कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था। अंधेरा होने के कारण सौरभ को सड़क पर खड़ी पिकअप नजर नहीं आई और उनकी स्कूटी सीधे उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सौरभ को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हादसे में उनकी जान चली गई। मामले में पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मां बंजारी मंदिर के सामने ट्रक ने बुजुर्ग महिला को कुचला
दूसरा हादसा खमतराई थाना क्षेत्र के रांवाभाठा में मां बंजारी मंदिर के सामने दो नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे हुआ। यहां मंदिर में दर्शन करने जा रही बुजुर्ग महिला अधनिया बाई निषाद को तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम सिकोना निवासी अजीत राम निषाद 31 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ भनपुरी स्थित सेंधवार बस्ती में ससुराल आया था। दो नवंबर को वह पत्नी सुखबती निषाद, दो छोटे बच्चों और अपनी सास अधनिया बाई निषाद के साथ मां बंजारी मंदिर में दर्शन करने निकला था।
अजीत राम बाइक से आगे चल रहा था, जबकि उसकी पत्नी, सास और दोनों बच्चे पैदल मंदिर की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे परिवार मंदिर के पास पहुंचा और सड़क पार करने लगा। इसी दौरान रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रहे मालवाहक ट्रक ने पीछे से बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। ट्रक के पहिए की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक को रुकवा लिया।






