Fake Currency: राजधानी रायपुर में नकली नोटों का मामला सामने आया है। दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा में एक महिला अपने खाते में पैसे जमा कराने पहुंची थी। इस दौरान बैंक कर्मचारियों को 50 रुपए के 25 नोट संदिग्ध मिले। जांच में नोटों में जरूरी सुरक्षा फीचर नहीं पाए गए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने नोटों को नकली मानते हुए पुलिस को सूचना दी।
12,350 रुपए जमा कराने पहुंची थी महिला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 12 नवंबर 2026 की है। बैंक की ग्राहक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपए जमा कराने पहुंची थीं। उन्होंने कैश काउंटर पर 50 और 100 रुपए के नोट दिए। कर्मचारियों ने जब रकम की गिनती शुरू की तो 50 रुपए के 25 नोट संदिग्ध नजर आए। बैंक में उपलब्ध अल्ट्रावायलेट (UV) लैंप से नोटों की जांच की गई। इस दौरान उनमें निर्धारित सुरक्षा फीचर नहीं मिले। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने नोटों को नकली के रूप में चिह्नित कर दिया।
बैंक की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में बैंक के खाता प्रबंधक संजय मिश्रा ने पंडरी थाने में लिखित शिकायत दी। बैंक प्रबंधन ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि एक ही लेनदेन में चार या उससे अधिक नकली नोट मिलने पर पुलिस को सूचना देकर एफआईआर दर्ज कराना जरूरी है। इसी प्रक्रिया के तहत बैंक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पंडरी थाना पुलिस ने जानकी वराठे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास ये संदिग्ध नोट कहां से आए और उन्हें किस माध्यम से प्राप्त किया गया था।











