छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के पशुपालकों के लिए राहत की खबर है। अब पशुओं के इलाज के लिए जेनेरिक दवाइयां स्थानीय स्तर पर सस्ती और उचित दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी। इसके लिए धमतरी विकासखंड में जिले के पहले पशु औषधि विक्रय केंद्र (PAVK) की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से संचालित Livestock Health and Disease Control Programme (LHDCP) के तहत पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती पशु औषधियां उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसी योजना के तहत धमतरी में पशु औषधि विक्रय केंद्र शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया हुई पूरी
धमतरी विकासखंड में प्रस्तावित पहले PAVK के लिए प्राप्त आवेदन को पोर्टल पर स्वीकृति मिलने के बाद 6 अगस्त 2026 को आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में पोर्टल पर स्वीकृत आवेदनों में यह अब तक का एकमात्र आवेदन है, जो दस्तावेज सत्यापन के चरण तक पहुंचा है। इससे जिले को इस पहल में अग्रणी अवसर मिला है।
पशुपालकों को मिलेगी बड़ी सुविधा
पशु औषधि विक्रय केंद्र शुरू होने के बाद धमतरी विकासखंड क्षेत्र के पशुपालकों को जेनेरिक पशु दवाइयां आसानी से और कम कीमत पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पशुओं के इलाज पर होने वाला खर्च कम होगा और जरूरत के समय दवाइयां मिलने में भी सुविधा होगी।
पशुधन को अर्थव्यवस्था का आधार
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन को राज्य की महत्वपूर्ण संपदा मानते हैं। उनका उद्देश्य है कि पशुपालकों को बेहतर और सुलभ पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का अहम आधार है, इसलिए पशुओं के स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।
दूर-दराज जाने की जरूरत होगी कम
PAVK के संचालन से पशुपालकों को पशुओं की दवाइयों के लिए दूर के क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर दवाइयां उपलब्ध होने से समय की बचत होगी और पशुओं का इलाज भी जल्द शुरू किया जा सकेगा।
जिले में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
धमतरी में पशु औषधि विक्रय केंद्र की स्थापना को पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे जिले के पशुपालकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।