Ganesh Visarjan Acciden: मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। नैनपुर तहसील के हीरापुर गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों पर हाई-वोल्टेज बिजली का तार गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य बुरी तरह झुलस गए हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, हीरापुर गांव में गणेश विसर्जन का कार्यक्रम देर रात शांतिपूर्ण संपन्न हुआ था। पूजा-अर्चना और विसर्जन के काम से थके करीब 7 से 8 युवक रात में विश्राम करने के लिए पंडाल के अंदर ही सो गए थे। तड़के अचानक पंडाल के ऊपर से गुजर रही मुख्य बिजली लाइन का एक तार टूटकर सीधे पंडाल के लोहे के ढांचे और तिरपाल पर आ गिरा। पलक झपकते ही पूरे पंडाल में तेज करंट फैल गया और अंदर सो रहे युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक:
जैनू भांवरे (उम्र 19 वर्ष)
रवि झारिया (उम्र 24 वर्ष)
कृष्ण कुमार भांवरे (उम्र 18 वर्ष)
विरेन्द्र भांवरे (उम्र 24 वर्ष)
3 घायलों का इलाज जारी, एक की हालत नाजुक
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली सप्लाई बंद करवाई और झुलसे हुए युवकों को नैनपुर के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में जारी है।
पुलिस और बिजली विभाग की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं, जर्जर तार टूटने की घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस और विद्युत मंडल के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि तार टूटने की मुख्य वजह तकनीकी खराबी थी या लाइन का रखरखाव सही नहीं था।
