Gariaband Teacher Case: मैनपुर ब्लॉक के कमारपारा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक का कक्षा के भीतर महुआ शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में संबंधित शिक्षक सतीश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक, कमारपारा प्राथमिक स्कूल मैनपुर क्षेत्र के भाटापानी के आश्रित ग्राम में स्थित है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में स्कूल के कमरे के भीतर शिक्षक नजर आ रहे हैं।
वीडियो में शराब की बोतल भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने सहायक शिक्षक को शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई शिक्षक के जवाब और मामले की जांच के आधार पर तय की जा सकती है।
मैनपुर क्षेत्र में पहले भी सामने आया था मामला
मैनपुर के अंदरूनी इलाकों में स्कूल परिसर से जुड़ी इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। करीब दो महीने पहले इसी ब्लॉक में स्कूल के कमरे में शराब पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों की निगरानी और शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब कमारपारा स्कूल के मामले में विभागीय जांच और शिक्षक के जवाब के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


