Government Girls Hostel: फर्जी मार्कशीट से हॉस्टल में लिया दाखिला, जांच में खुली पोल तो युवती पर FIR दर्ज
Government Girls Hostel: बिलासपुर के बृहस्पति बाजार स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक स्नातकोत्तर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में फर्जी दस्तावेजों के सहारे प्रवेश लेने का मामला सामने आया है। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय ने मार्कशीट और हस्ताक्षर को फर्जी बताया। इसके बाद छात्रा को हॉस्टल से निष्कासित कर उसके खिलाफ BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
Government Girls Hostel: शहर के नामी शासकीय पोस्ट मैट्रिक स्नातकोत्तर अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास (बृहस्पति बाजार) में जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की
फर्जी मार्कशीट और जाली हस्ताक्षरों के सहारे हॉस्टल में कमरा हासिल करने वाली एक छात्रा की चालाकी आखिरकार पकड़ में आ ही गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कैसे खुली फर्जीवाड़े की पोल?
मामला वर्ष 2025 का है, जब कोटा तहसील के ग्राम भैंसाझार की रहने वाली अनामिका बंजारे ने बृहस्पति बाजार स्थित अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में प्रवेश लिया था। दाखिले के वक्त जमा किए गए शैक्षणिक दस्तावेजों को देखकर तत्कालीन हॉस्टल अधीक्षिका रीता भारती को कुछ संदेह हुआ। शंका गहराने पर उन्होंने सीधे मामले की शिकायत सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से की और दस्तावेजों के सत्यापन की मांग रखी।
यूनिवर्सिटी और विभागाध्यक्ष ने झाड़ा पल्ला
शिकायत के बाद जब आदिवासी विकास विभाग ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से मार्कशीट की प्रामाणिकता की जांच कराई, तो यूनिवर्सिटी के जवाब ने पूरे फर्जीवाड़े से पर्दा उठा दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन (11 जून 2026): परीक्षा विभाग ने लिखित में साफ किया कि अनामिका बंजारे के नाम से वर्ष 2025 की जो मार्कशीट संलग्न की गई है, वह यूनिवर्सिटी द्वारा जारी ही नहीं की गई थी।
गणित विभागाध्यक्ष (15 जून 2026): विभागाध्यक्ष ने भी पत्र जारी कर स्पष्ट कर दिया कि छात्रा के एडमिशन फॉर्म पर दिख रहे दस्तखत उनके हैं ही नहीं।
हॉस्टल से निकाला, अब पुलिस के हत्थे चढ़ी आरोपी
जांच में जाली दस्तावेजों की पुष्टि होते ही विभाग ने तुरंत एक्शन लेते हुए अनामिका को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया। इसके बाद आदिवासी विकास विभाग के निर्देश पर वर्तमान हॉस्टल अधीक्षिका ममता सिंह ने सिविल लाइन थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अनामिका बंजारे के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।