मुरैना जिले के कैलारस से एक हैरान करने वाला लेकिन भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। सबलगढ़ से मुरैना की ओर जा रही एक यात्री बस में सफर कर रही महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। देखते ही देखते बस में ही महिला की स्थिति गंभीर हो गई और यात्रियों की मौजूदगी में उसने एक नवजात बच्ची को जन्म दे दिया। इस दौरान बस में मौजूद लोगों ने महिला की मदद की और तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। बस में प्रसव होने की जानकारी मिलते ही कैलारस के बीएमओ डॉ. मनीष शर्मा ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने मैटरनिटी सिस्टर ज्योति श्रीवास्तव, अन्नू शाक्य, महिला डॉक्टर और 108 एंबुलेंस टीम को मौके पर भेजा। स्वास्थ्य विभाग की टीम कैलारस बस स्टैंड पहुंची और महिला व नवजात बच्ची को सुरक्षित तरीके से एंबुलेंस की मदद से कैलारस अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में जच्चा-बच्चा की हुई जांच
अस्पताल पहुंचने के बाद मैटरनिटी सिस्टर ज्योति श्रीवास्तव ने प्रसूता को तुरंत मैटरनिटी वार्ड में भर्ती कराया। इसके बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने महिला और नवजात बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में दोनों पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रसूता के खाने-पीने और जरूरी देखभाल की व्यवस्था भी की गई।स्वास्थ्यकर्मियों ने दिखाई संवेदनशीलता
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिस तत्परता और जिम्मेदारी के साथ महिला और बच्ची की मदद की, उसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। बस में अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने समय पर पहुंचकर मां और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जिससे किसी भी तरह की परेशानी नहीं हुई।
ग्राम चमरगवां की रहने वाली है महिला
जानकारी के अनुसार, महिला का नाम चांदनी है और वह ग्राम चमरगवां की रहने वाली बताई जा रही है। अस्पताल में मौजूद लोगों और शहरवासियों ने अस्पताल स्टाफ के इस मानवीय प्रयास की प्रशंसा की है। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि समय पर मदद और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता किसी के जीवन में बड़ी राहत ला सकती है।