छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर स्थित छोटू ढाबा के पास सड़क रखरखाव का काम कर रही एक महिला मजदूर को तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
ट्रेलर की चपेट में आई महिला, वाहन भी पलटा
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतका की पहचान महिमा कोसले के रूप में हुई है। वह नेशनल हाईवे पर सफाई और रखरखाव का कार्य कर रही थी। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बजरी से भरा ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में शामिल ट्रेलर का नंबर BR-03GC-9045 बताया गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जहां मजदूर काम कर रहे थे, वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा संकेत मौजूद थे। ऐसे में हाईवे से गुजरने वाले तेज रफ्तार वाहनों के बीच काम करना मजदूरों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा था।
परिजनों ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग
मृतका के परिजन प्रीतम कोसले ने बताया कि महिमा कोसले उनके भाई की पत्नी थीं और नेशनल हाईवे प्रशासन के तहत चल रहे कार्य में मजदूरी कर रही थीं। शनिवार को भी वह अन्य मजदूरों के साथ काम में लगी थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने राज्य सरकार और एनएच प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।