Hit and Run Case: कुंठपुर शहर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर फरार वाहन की तलाश तेज कर दी है।
पुराने बस स्टैंड के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना पुराने बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के सामने हुई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग सड़क से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद चालक ने रुकने के बजाय वाहन लेकर वहां से भाग निकला।
आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से बढ़ी परेशानी
शहर के व्यस्त इलाके में घटना होने के बावजूद घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने की बात सामने आई है। इस कारण पुलिस को हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने में परेशानी हो रही है।
निजी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जांच रही है। पुलिस को उम्मीद है कि किसी कैमरे में संदिग्ध वाहन के गुजरने की तस्वीर कैद हुई होगी, जिससे चालक तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
मामले में पुलिस संभावित मार्गों की जानकारी जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने और फरार चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।