Honor 600S 5G: 8100mAh बैटरी और 120Hz डिस्प्ले के साथ नया स्मार्टफोन लॉन्च
Honor 600S 5G हॉन्गकॉन्ग में लॉन्च हो गया है। इसमें 120Hz डिस्प्ले, Snapdragon 4 Gen 4 चिपसेट, 50MP कैमरा और 8,100mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। फोन की शुरुआती कीमत HK$1,999 यानी करीब 15,600 रुपए है।
क
कीर्तिमान डेस्क | यशोदा साहू
29 Aug 2026, 01:41 PM
गैजेट डेस्क
Honor 600S 5G: Honor ने अपने नए स्मार्टफोन Honor 600S 5G को हॉन्गकॉन्ग में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस फोन को बड़ी बैटरी, 120Hz रिफ्रेश रेट वाले डिस्प्ले और Snapdragon 4 Gen 4 प्रोसेसर के साथ पेश किया है। फोन Android 16 पर आधारित MagicOS 10 पर काम करता है। इसकी सबसे खास खूबियों में 8,100mAh की बैटरी और IP68, IP69 व IP69K रेटिंग शामिल हैं।
Honor 600S 5G की कीमत
हॉन्गकॉन्ग में Honor 600S 5G के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत HK$1,999 रखी गई है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 15,600 रुपए बैठती है। फोन को Desert Gold, Misty Purple और Velvet Black रंगों में पेश किया गया है। कंपनी के मुताबिक, स्मार्टफोन को Honor की आधिकारिक वेबसाइट के साथ चुनिंदा रिटेल स्टोर्स से भी खरीदा जा सकता है।
Honor 600S 5G स्मार्टफोनडिस्प्ले और प्रोसेसर
Honor 600S 5G में 6.87 इंच का TFT LCD डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन 1592×720 पिक्सल रिजॉल्यूशन के साथ आती है और इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1,020 निट्स तक है। डिस्प्ले में DC डिमिंग और डायनामिक डिमिंग का सपोर्ट मौजूद है। इसके अलावा लो ब्लू लाइट और डार्क मोड जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। परफॉर्मेंस के लिए फोन में Snapdragon 4 Gen 4 चिपसेट लगाया गया है। इसके साथ 8GB RAM और 128GB स्टोरेज दी गई है। Honor की RAM Turbo तकनीक के जरिए इसमें 16GB तक वर्चुअल मेमोरी का सपोर्ट भी मिलता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन Android 16 आधारित MagicOS 10 पर चलता है।
50MP कैमरा और 8,100mAh की दमदार बैटरी
फोटोग्राफी के लिए Honor 600S 5G में पीछे की तरफ 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। फोन से 1080p रिजॉल्यूशन में वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। बैटरी के मामले में Honor 600S 5G काफी दमदार नजर आता है। इसमें 8,100mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। Honor का दावा है कि पांच साल इस्तेमाल के बाद भी बैटरी अपनी मूल क्षमता का 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा बनाए रख सकती है।
AI फीचर्स और अन्य खूबियां
फोन में कई AI आधारित फीचर्स शामिल किए गए हैं। इनमें AI Memory, Circle to Search, AI Image Removal और AI Summary जैसे विकल्प मिलते हैं। इसके अलावा AI की मदद से तस्वीरों को वीडियो में बदलने वाला फीचर भी दिया गया है। सुरक्षा के लिए फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर है। इसमें स्टीरियो स्पीकर्स और NFC का सपोर्ट भी मिलता है। Honor 600S 5G का वजन 216.5 ग्राम है और इसके डाइमेंशन 168.3×78.54×8.30mm हैं। फोन को धूल और पानी से सुरक्षा के लिए IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली है।