Indore Crime News: ब्यूटीशियन की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया है। घटना तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल की है, जहां कमरे में महिला मृत अवस्था में मिली थी। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय ब्यूटीशियन सोनाली शर्मा और दीपक खंडेलवाल ने होटल का कमरा नंबर 101 बुक किया था।
होटल स्टाफ को दी जानकारी, जांच शुरू
दोनों कुछ समय तक कमरे में मौजूद थे। करीब आधे घंटे बाद दीपक कमरे से बाहर आया और होटल कर्मचारियों को बताया कि महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाना है। इसके बाद सोनाली शर्मा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद दीपक गिरफ्तार
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें महिला की मौत फांसी लगाने से होने की बात सामने आई। परिजनों की शिकायत और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक खंडेलवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जुटा रही मामले से जुड़े सबूत
बताया जा रहा है कि सोनाली शर्मा के पति ब्यावर में रहते हैं, जबकि वह अपने दो बच्चों के साथ पिता के घर रह रही थीं। पुलिस के मुताबिक, सोनाली और दीपक के बीच पिछले कुछ महीनों से बातचीत हो रही थी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए दीपक से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
