Ujjain Hotel Accident: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे होटल के दाईं ओर स्थित मिठाई और डेयरी वेस्टेज के गहरे चैंबर की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जहरीली गैस और कचरे के कारण चैंबर में उतरे दो कर्मचारी अंदर ही फंस गए। उन्हें बचाने की कोशिश में दो अन्य साथी भी चैंबर में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल सके।
मशीनों से काटना पड़ा चैंबर
घटना की भनक लगते ही होटल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचना दी गई। चैंबर गहरा और संकरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिर में इलेक्ट्रिक कटर से चैंबर के हिस्से को काटकर चारों कर्मचारियों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
मौके पर ही कर्मचारियों को सीपीआर (CPR) दिया गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कुछ अन्य लोगों के भी प्रभावित होने की खबर है।
हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारी:
कमलेश (पिता: सोहनलाल) – निवासी: वाल्मीकि नगर, उज्जैन
नितिन (पिता: ताराचंद) – निवासी: वाल्मीकि नगर, उज्जैन
वाहिद – निवासी: सोमवारिया, उज्जैन
मनोज मीणा – निवासी: झालावाड़, राजस्थान
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
माधव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पड़ताल में मौत की वजह जहरीली गैस का दम घोंटना बताई जा रही है। पुलिस अब इस बिंदु की गहराई से जांच कर रही है कि सफाई के दौरान सुरक्षा उपकरणों और तय मानकों का पालन किया गया था या नहीं।






