डॉ. शिवकुमार डहरिया ने देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महँगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीज़ल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। अब लोग सरकार की नीतियों को समझ चुके हैं और महँगाई से राहत की उम्मीद कर रहे हैं।
डॉ. डहरिया ने कहा कि बढ़ती महँगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और युवाओं पर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इससे आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि एक ओर नरेंद्र मोदी लगातार विदेश दौरों में व्यस्त हैं, वहीं दूसरी ओर देश की आम जनता महँगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।कीमतें कम करने की उठाई मांग
डॉ. डहरिया ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में कमी करने और महँगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जनता को राहत नहीं मिली तो आने वाले समय में लोग लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देने के लिए तैयार हैं।
