प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अटल नगर मंडल नवा रायपुर द्वारा विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने क्षेत्र का सघन दौरा किया। अपनी चिरपरिचित शैली में दहाड़ते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का एकमात्र संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इस मार्ग में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दौरे की शुरुआत में गुरु खुशवंत साहेब शासकीय हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूल राखी और शासकीय महाविद्यालय नवागांव पहुंचे, जहां उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनमें नया जोश भरा।
चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा
युवाओं को प्रेरित करते हुए मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का युवा सिर्फ कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज के बदलते भारत का सबसे मजबूत स्तंभ है। उन्होंने साफ किया कि सरकार युवाओं को शिक्षा, तकनीक और कौशल के हर वो अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने छात्रों से मन लगाकर पढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके सपनों को उड़ान देने की जिम्मेदारी सरकार की है। इसके पश्चात मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राखी का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद
मंत्री ने दो टूक शब्दों में कड़े निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले हर गरीब और जरूरतमंद मरीज को बेहतर से बेहतर इलाज मिलना चाहिए और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दौरे के अगले चरण में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अटल नगर मंडल के पदाधिकारियों के साथ ग्राम गनौद पहुंचे। यहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों और महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनका कुशलक्षेम जाना।योजनाओं का सीधा लाभ
जनता के बीच अपनी बात रखते हुए उन्होंने हुंकार भरी कि मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने गरीबों को पक्का मकान और माताओं -बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन जैसी क्रांतिकारी योजनाएं धरातल पर उतारी हैं। आज सरकार की हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ सीधे जनता के बैंक खातों तक बिना किसी बिचौलिए के पहुंच रहा है, और यही असली सुशासन की परिभाषा है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान भाजपा संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष टेशवन बघेल, महामंत्री मनोज यादव, कौशल तारक, उपाध्यक्ष प्रमोद दुबे, सरपंच भारती रात्रे, सरपंच दुलेश गिलहरे, घनश्याम साहू, सुनील डहरिया, अशोक साहू, गैंदलाल, अंजू जैन, मंजू नेताम सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं सजग कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अटल नगर मंडल नवा रायपुर के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में बेहद सफल रहा।