Raipur News: राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज और SIR के मुद्दे पर लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जनता राहुल गांधी को कई बार नकार चुकी है और उन्हें 100 से अधिक बार चुनावी हार का सामना करना पड़ा है। चौधरी के मुताबिक, राहुल गांधी अपनी राजनीतिक छवि और कद बढ़ाने के लिए डिबेट की मांग कर रहे हैं। ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से संयुक्त संसदीय समिति (JPC) या संसद के विशेष सत्र में चर्चा का प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस चर्चा से बचने की कोशिश करेंगे। चौधरी ने कहा कि केवल बयानबाजी से राजनीतिक कद नहीं बढ़ता, बल्कि इसके लिए ठोस मुद्दों पर जवाब देना भी जरूरी है।
5 लाख पीपल के पेड़ लगाने का लक्ष्य मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ में पीपल के वृक्षों के संरक्षण और विस्तार की योजना की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि राज्य को 'पीपल सिटी' के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को 'विकसित भारत संकल्प पीपल वन' का लोकार्पण किया था। इस अभियान के तहत अब 5 लाख पीपल के पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वंदे मातरम के अधूरे गायन पर कॉलेज को नोटिस
रायगढ़ के एक कॉलेज में वंदे मातरम का पूरा गायन नहीं होने के मामले पर भी वित्त मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में पहले राष्ट्रगीत का गायन अधूरा रह गया था, जिसे बाद में पूरा कराया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन की ओर से कॉलेज को नोटिस जारी किया गया है। ओपी चौधरी ने कहा कि लोगों को वंदे मातरम से जुड़े अधिनियम और निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने इस विषय पर सभी से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ व्यवहार करने की अपील की।
नक्सलवाद के बाद बस्तर में विकास की नई राह
बस्तर के भविष्य और विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन कर प्रदेश को एक बड़ी सौगात दी थी। इसके लिए प्रदेश की जनता हमेशा उनकी आभारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी और उसके खात्मे के बाद बस्तर में विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। आने वाले वर्षों में बस्तर पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर सकता है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस दौरान ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।






