मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। खराब गेंदबाजी और बल्लेबाजी के बाद अब लचर फील्डिंग टीम की हार की सबसे बड़ी वजह बनती जा रही है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में एक बार फिर मुंबई की फील्डिंग ने निराश किया। पारी का दूसरा ओवर दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह डाल रहे थे। बुमराह ने अपनी सटीक रणनीति से प्रभसिमरन सिंह को चकमा दिया और गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर सीधे स्लिप में खड़े नमन धीर के हाथों में गई।
हैरानी की बात यह रही कि नमन धीर ने इस 'लॉलीपॉप' कैच को टपका दिया। इस जीवनदान के बाद बुमराह के चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी। मैच के उस नाजुक मोड़ पर अगर वह विकेट मिल जाता, तो खेल का रुख बदल सकता था।
कैच छोड़ने का 'सप्तक': बना दिया शर्मनाक रिकॉर्ड
नमन धीर इस सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे कमजोर कड़ी साबित हो रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो उनकी फील्डिंग बेहद साधारण रही है:
7 कैच: आईपीएल 2026 में नमन धीर अब तक कुल 7 कैच छोड़ चुके हैं।
नंबर 1: वह इस सीजन में सबसे ज्यादा कैच टपकाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं।
टीम पर असर: मुंबई ने इस सीजन में कई करीबी मैच गंवाए हैं और विशेषज्ञों का मानना है कि इसमें खराब फील्डिंग का बड़ा हाथ है।
बल्ले से भी नहीं दिखा पा रहे कमाल
सिर्फ फील्डिंग ही नहीं, नमन धीर का बल्ला भी इस सीजन में खामोश रहा है। 12 मैचों में उन्होंने केवल 312 रन बनाए हैं। हालांकि उनके नाम 2 अर्धशतक जरूर हैं, लेकिन टीम को उनसे जिस बड़ी और मैच जिताऊ पारी की उम्मीद थी, वह अब तक नदारद है।
मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदें पहले ही धुंधली हो चुकी हैं। ऐसे में नमन धीर जैसे युवा खिलाड़ियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, वरना अगले सीजन के लिए टीम में उनकी जगह पर तलवार लटक सकती है।

