Khairagarh Road Accident: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में सोमवार सुबह एक यात्री बस और स्कूटी के बीच सड़क हादसा हो गया। ग्राम पंचायत सलगापाट के पास माँ श्रद्धा ट्रैवल्स की बस ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार घायल हो गया। राहत की बात है कि घटना में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के नीचे आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल व्यक्ति की मदद की। उसका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया है।
चालक को झपकी आने की आशंका
हादसे में शामिल बस का नंबर CG-10 BZ-8506 बताया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस चालक लंबी दूरी से लगातार वाहन चला रहा था। सलगापाट के पास कथित रूप से झपकी आने के कारण उसने बस से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।और भी पढ़े:-School Bus Accident: 18 बच्चों को लेकर जा रही बस खेत में पलटी, कई विद्यार्थी घायल
हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी। इस घटना ने लंबी दूरी की यात्री बसों में चालकों के काम के घंटे और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।