Kidnapping Case: मुजगहन थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी से जनवरी 2021 में लापता हुए युवक टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू के मामले में पुलिस ने अब अपहरण का अपराध दर्ज किया है। गुम इंसान की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों ने पुलिस की जांच को नई दिशा दी है। प्रथमदृष्टया युवक के अपहरण की आशंका को देखते हुए अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग जून 2026 में लगा, जब टीकम के घर से निकलने के समय उसके साथ रही बुलेट संजय तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबी हुई मिली। करीब साढ़े पांच साल बाद मिले इस वाहन ने पुलिस की जांच को गंभीर बना दिया।
रिखीराम से मिलने की बात कहकर निकला था घर से
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सिवनी निवासी टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू 27 जनवरी 2021 की शाम करीब 7 बजे अपनी पत्नी सुमनलता को यह बताकर घर से निकला था कि उसे रिखीराम पटेल से मिलना है। टीकम ने पत्नी से कहा था कि उसका पैसा लगा हुआ है और रकम देने के लिए रिखीराम ने उसे फार्म हाउस के पास बुलाया है। इसके बाद टीकम अपनी बुलेट लेकर घर से निकला। बताया गया है कि उस समय वह मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत भी कर रहा था। हालांकि, इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
रात 9:05 बजे के बाद बंद हो गया मोबाइल
काफी समय बीतने के बाद जब टीकम घर नहीं पहुंचा तो रात करीब 9:05 बजे पत्नी और परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। फोन रिसीव नहीं हुआ और कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने रिखीराम पटेल से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी ओर से फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद स्वजन उसके घर पहुंचे, लेकिन वहां भी रिखीराम नहीं मिला। टीकम की तलाश आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी की गई, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की जांच गुम इंसान के रूप में चलती रही।जून 2026 में तालाब में मिली वही बुलेट
करीब साढ़े पांच साल बाद 13 जून 2026 को इस मामले में एक महत्वपूर्ण सुराग सामने आया। टीकम जिस बुलेट से 27 जनवरी 2021 को घर से निकला था, वही बुलेट संजय तालाब में संदिग्ध हालत में डूबी मिली। वाहन मिलने के बाद पुलिस ने लापता होने की परिस्थितियों और अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों को दोबारा खंगाला। इन परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को प्रथमदृष्टया टीकम के अपहरण की आशंका हुई। पुलिस ने अब अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 27 जनवरी 2021 को घर से निकलने के बाद से टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

