LPG e-KYC: छत्तीसगढ़ में रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। केंद्र सरकार की ओर से एलपीजी (LPG) कनेक्शन के लिए तय की गई ई-केवाईसी (e-KYC) कराने की आखिरी तारीख 23 अगस्त को बीत चुकी है। इसके बावजूद राज्य के करीब 70 लाख ग्राहकों में से 6 लाख से ज्यादा लोगों ने अब तक अपना सत्यापन नहीं कराया है। समय सीमा खत्म होते ही पेट्रोलियम कंपनियों ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिन ग्राहकों का बायोमेट्रिक सत्यापन पेंडिंग है, उनके कनेक्शन ब्लॉक किए जा रहे हैं।
1 सितंबर से कार्रवाई और सख्त
इसका सीधा असर यह हो रहा है कि ग्राहक अब ऑनलाइन सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। यदि आपका ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है और आप गैस एजेंसी जा रहे हैं, तो रिफिल बुकिंग से पहले आपको सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने को कहा जाएगा। कंपनियों के संकेत साफ हैं—रक्षाबंधन के बाद, यानी 1 सितंबर से कार्रवाई और ज्यादा सख्त की जाएगी। अभी जिनकी ऑनलाइन बुकिंग किसी तरह हो भी रही है, उसे भी आने वाले दिनों में तुरंत रोका जा सकता है।
30 हजार से अधिक ग्राहकों की ई-केवाईसी पूरी नहीं
अकेले रायपुर जिले की बात करें तो यहाँ एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडेन को मिलाकर लगभग 7 लाख उपभोक्ता हैं। इनमें से 30 हजार से अधिक ग्राहकों ने डेडलाइन तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की। पूरे प्रदेश की तरह रायपुर में भी इंडेन (Indane) के उपभोक्ताओं की संख्या सबसे अधिक है, लिहाजा पेंडिंग ई-केवाईसी का आंकड़ा भी इसी कंपनी में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।संचालकों को कारण बताओं नोटिस की जाएगी जारी
समय पर सत्यापन पूरा न होने से पेट्रोलियम कंपनियों के आला अधिकारी बेहद नाराज हैं। कंपनियों ने साफ कर दिया है कि जिस भी गैस एजेंसी में लंबित ई-केवाईसी वाले ग्राहकों का आंकड़ा ज्यादा मिलेगा, उसके संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। कार्रवाई के डर से अब एजेंसियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है और फोन करके ग्राहकों को बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए बुला रही हैं।
महज 2 मिनट का काम, मोबाइल ऐप से भी संभव
- एजेंसी जाकर: आपको अपना आधार कार्ड और गैस पासबुक (कार्ड) लेकर नजदीकी एजेंसी पहुँचना होगा। वहाँ कर्मचारी मोबाइल के जरिए फोटो खींचकर बायोमेट्रिक अपडेट करेंगे और पासबुक पर ई-केवाईसी की सील लगा देंगे।
ऑनलाइन तरीका: जो लोग किसी कारणवश एजेंसी जाने में असमर्थ हैं, वे संबंधित पेट्रोलियम कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप (जैसे Indane, HP या Bharatgas ऐप) के माध्यम से भी घर बैठे चेहरा स्कैन करके (Face Authentication) ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं।

