महाराष्ट्र में 28 जून 2026 को होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) परीक्षा रद्द कर दी गई है। परीक्षा से महज एक दिन पहले पेपर लीक होने की सूचना मिलने के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया। इस घटना ने लाखों अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पेपर लीक होने की जानकारी पुलिस को पहले ही मिल गई थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि प्रश्नपत्र ठाणे से लीक हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभियान चलाया और कथित तौर पर लीक हुआ पेपर बरामद कर लिया।
कई लोगों को हिरासत में लिया गया
पेपर लीक मामले में पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र कैसे बाहर पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लाखों अभ्यर्थियों को झटका
परीक्षा रद्द होने से राज्यभर के अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। कई उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की तैयारी कर चुके थे। अब उन्हें नई परीक्षा तिथि का इंतजार करना होगा। सरकार की ओर से अभी नई परीक्षा तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। उम्मीद है कि जांच पूरी होने के बाद जल्द ही नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा।जांच जारी, जल्द आ सकता है बड़ा खुलासा
पेपर लीक मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस और संबंधित विभाग जांच में जुटे हैं। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि प्रश्नपत्र लीक होने की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही।
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी नई जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।
