Mahasamund Congress Protest: राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, थाने का किया घेराव
Mahasamund Congress Protest: हल्द्वानी की घटना और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में थाना घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने FIR रद्द करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
क
कीर्तिमान न्यूज
02 Sep 2026, 08:41 AM
महासमुंद
Mahasamund Congress Protest: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, आज महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बड़ी तादाद में एकत्र हुए कांग्रेस नेताओं, वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा कर्मठ कार्यकर्ताओं ने महासमुंद थाने का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह उग्र प्रदर्शन उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली स्थल पर भाजपा व आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए निंदनीय जातिवादी "शुद्धिकरण अनुष्ठान" तथा इसके खिलाफ आवाज उठाने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज की गई असंवैधानिक FIR के विरोध में आयोजित किया गया।
दलित समाज में गहरा आक्रोश
थाना परिसर के बाहर उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि, "देश के सर्वोच्च दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रति दिखाई गई यह जातिवादी मानसिकता केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज और भारत के संविधान पर सीधा हमला है। इस घटना से पूरे देश के दलित समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। 21वीं सदी में भी भाजपा और आरएसएस का यह सामंती रवैया बेहद शर्मनाक है।
पुलिस का दुरूपयोग कर डराने का किया जा रहा काम
यादव ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर पर गहरा आश्चर्य और रोष व्यक्त करते हुए आगे कहा कि, यह देखकर पूरा देश हैरान है कि राहुल गांधी ने जातिवादी कृत्य के खिलाफ न्याय की आवाज उठाई, पुलिस ने दोषियों को पकड़ने के बजाय उल्टे राहुल गांधी जी पर ही झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। यह कार्रवाई साफ दर्शाती है कि पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर केवल राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्ष को डराने और दबाने का काम किया जा रहा है।
पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि, भाजपा सरकार की तानाशाही नीतियां अब अपनी सीमाएं लांघ चुकी हैं। जब-जब कांग्रेस पार्टी और हमारे नेता देश के शोषितों, पीड़ितों और दलितों के हक में आवाज उठाते हैं, तब-तब केंद्र व राज्य सरकारें पुलिस-प्रशासन का सहारा लेकर आवाज दबाने का कुत्सित प्रयास करती हैं। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसी गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं, हम सड़क से लेकर सदन तक इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे।
महासमुंद में कांग्रस का थाना घेराव एफआईआर पूरी तरह असंवैधानिक
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि, भाजपा और आरएसएस की विचारधारा हमेशा से संविधान विरोधी रही है। हल्द्वानी की शर्मनाक घटना ने इनका असली चेहरा उजागर कर दिया है। हमारे जननेता राहुल गांधी के खिलाफ की गई एफआईआर पूरी तरह से असंवैधानिक और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित है। देश की जनता अब इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के भारी जनसैलाब ने केंद्र व राज्य सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। तत्पश्चात कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें:
• हल्द्वानी में सामाजिक भेदभाव व जातिवादी "शुद्धिकरण अनुष्ठान" करने वाले दोषियों पर तत्काल कठोर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
• नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के खिलाफ राजनैतिक द्वेषवश दर्ज की गई झूठी एवं असंवैधानिक FIR को अविलंब निरस्त किया जाए।
• सामाजिक न्याय और दलित अधिकारों की आवाज को दबाने का असंवैधानिक प्रयास तुरंत बंद किया जाए।
प्रदर्शन में वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि झूठी एफआईआर वापस नहीं ली जाती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तो कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को और अधिक उग्र रूप में लड़ेगी।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
इस घेराव व प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, खिलावन साहू, अन्नू चंद्राकर, देवनाथ साहू, दाऊलाल चंद्राकर, मनोजकान्त साहू, गणेश शर्मा, निखिलकांत साहू, समीम खान, विजय बंजारे, भरत ठाकुर, निर्मल जैन, मुस्ताक खान, लक्ष्मी देवांगन, राशि महिलांग, ममता चंद्राकर, नरेन्द्र सेन, तुलसी साहू, जय देवांगन, नीतेन्द्र बेनर्जी, अमन चंद्राकर, तबरेज खान, देवेश शर्मा, डॉ. एजाज नकवी, गिरीश पटेल, काशीराम शर्मा भरी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।