Mahasamund News: ग्राम ढोढरकसा स्थित शासकीय हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों और पालकों में नाराजगी देखने को मिली। लंबे समय से शिक्षकों की कमी की समस्या दूर नहीं होने पर ग्रामीणों ने अपने बच्चों के साथ स्कूल पहुंचकर मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि हाई स्कूल में पढ़ाई के लिए अलग-अलग विषयों के शिक्षकों की आवश्यकता होती है, लेकिन वर्तमान में विद्यालय की पूरी शैक्षणिक व्यवस्था केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रही है। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और पालक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
कलेक्टर को सौंपा था आवेदन, दी थी 7 दिन की मोहलत
ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की कमी को लेकर उन्होंने पहले महासमुंद कलेक्टर को आवेदन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की थी। आवेदन में चेतावनी दी गई थी कि यदि 7 दिनों के भीतर विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो वे स्कूल में तालाबंदी करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों के अनुसार, तय समय सीमा पूरी होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने पूर्व निर्णय के अनुसार स्कूल पहुंचकर तालाबंदी की।बच्चों के साथ पहुंचे पालक, की तत्काल शिक्षक नियुक्ति की मांग
तालाबंदी के दौरान ग्रामीण, पालक और विद्यार्थी एकजुट होकर विद्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शासकीय हाई स्कूल ढोढरकसा में जल्द से जल्द पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सके। ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य स्कूल की पढ़ाई रोकना नहीं है, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी दूर होने तक विद्यार्थियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ेगा। अब ग्रामीणों की मांग है कि शिक्षा विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था करे, जिससे विद्यालय में पढ़ाई का माहौल बेहतर हो सके।

